खरगे का हल्द्वानी में सियासी शंखनाद, भाजपा पर बरसे; बोले- ‘पैसा बोलता है, नेता वॉशिंग मशीन में साफ हो जाते हैं’

Spread the love

हल्द्वानी। विधानसभा चुनाव से पहले हल्द्वानी में कांग्रेस ने सियासी ताकत का प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर रोजगार, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक, महंगाई, शिक्षा और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

करीब 47 मिनट के संबोधन में खरगे ने युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं, लेकिन भर्तियां नहीं हो रही हैं। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि नौकरी की प्रक्रिया में ‘पैसा बोलता है’ और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर खरगे ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं को कभी भ्रष्टाचार के आरोपों में घेरा जाता है, वही बाद में भाजपा के साथ नजर आने लगते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘वॉशिंग मशीन’ वाला तंज कसा।

खरगे ने उत्तराखंड में स्कूलों के बंद होने, शिक्षकों की कमी और बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के अवसर कमजोर होंगे तो इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ेगा।

धार्मिक आस्था के मुद्दे पर भी खरगे ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आस्था के खिलाफ नहीं है, लेकिन आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार के आरोपों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। केदारनाथ और बदरीनाथ से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार से सवाल पूछे।

खरगे ने उत्तराखंड की प्रतिभा और वैज्ञानिक क्षमता का भी जिक्र किया। उन्होंने अल्मोड़ा के रवि टम्टा का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और संसाधनों के दम पर बड़े तकनीकी प्रयोग किए हैं।

रैली में कांग्रेस ने आगामी चुनाव को लेकर अपना राजनीतिक संदेश भी साफ किया। खरगे ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं के सम्मान को कांग्रेस के एजेंडे का हिस्सा बताते हुए जनता से पार्टी का साथ देने की अपील की।

रैली के बाद सियासत और गरमाई

खरगे की सभा के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना भी दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि रैली में आने वाली कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस ने जगह-जगह रोका। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

उधर, रैली में पहुंचने वाली बसों की चेकिंग को लेकर रुद्रपुर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और पुलिस अधिकारियों के बीच भी तीखी नोकझोंक की बात सामने आई।

यानी हल्द्वानी की यह रैली सिर्फ भाषण तक सीमित नहीं रही। मंच से भाजपा पर हमले और मंच के बाहर पुलिस को लेकर कांग्रेस के आरोपों ने उत्तराखंड की चुनावी राजनीति का तापमान और बढ़ा दिया।