पैंट में पेशाब करना मासूम को पड़ा भारी, शिक्षिका पर अमानवीय व्यवहार का आरोप; प्रिंसिपल पर भी सहयोग न करने का आरोप, मुकदमा दर्ज

Spread the love

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र स्थित एक प्ले स्कूल से सामने आई घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है। आरोप है कि नर्सरी में पढ़ने वाले पांच वर्षीय बच्चे ने कक्षा के दौरान बाथरूम जाने की अनुमति मांगी, लेकिन उसे जाने नहीं दिया गया। कुछ देर बाद उसके कपड़ों में ही पेशाब हो गया। परिजनों का आरोप है कि इससे नाराज शिक्षिका बच्चे को दूसरे कमरे में ले गई और गर्म चाकू से उसके निजी अंग को दाग दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घर पहुंचने पर दर्द और डर से सहमे बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार ने स्कूल से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि शिक्षिका ने फोन तक नहीं उठाया। जब बच्चे के पिता ने स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह से बात की, तो उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि अगले दिन स्कूल पहुंचने पर भी प्रबंधन ने मामले में मदद करने से इनकार कर दिया।

घटना के बाद बच्चे के पिता ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने स्कूलों में छोटे बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों के व्यवहार और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।