उन्नाव के गंगाघाट में ट्रैफिक चालान के विरोध ने ऐसा रूप ले लिया कि कुछ पल के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो चालक ने पहले पुलिस से तीखी बहस की, फिर खुद पर तेल उड़ेल लिया। जैसे ही उसने आग लगाने की कोशिश की, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और होमगार्ड दौड़ पड़े और उसे पकड़कर बड़ा हादसा होने से रोक दिया। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शुरुआत में राहगीरों को लगा कि मामला कुछ देर की कहासुनी के बाद शांत हो जाएगा, लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात पूरी तरह बदल गए। गुस्से में चालक ने अपने पास रखा तेल निकाला और सबके सामने अपने शरीर पर उड़ेल लिया। यह दृश्य देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग सहम गए, जबकि कुछ लोग उसे समझाने की कोशिश करने लगे।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब चालक ने खुद को आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान बिना समय गंवाए उसकी ओर दौड़े और उसे पकड़कर यह कोशिश नाकाम कर दी। यदि कुछ पल की भी देरी होती, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
घटना के बाद चालक को गंगाघाट कोतवाली ले जाया गया। वहां भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। कभी वह थाने के बाहर जमीन पर लेट गया, तो कभी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने लगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटनास्थल पर काफी देर तक तमाशबीनों की भीड़ लगी रही। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम के वीडियो रिकॉर्ड कर लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं।
वीडियो में चालक को पुलिस से बहस करते, विरोध प्रदर्शन करते और पुलिसकर्मियों को उसे काबू में करने की कोशिश करते देखा जा सकता है। घटना के बाद पुलिस ने चालक को समझाइश दी और हिदायत देकर छोड़ दिया।



