हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मंदिर की गद्दी के उत्तराधिकारी को लेकर हुए विवाद में दो साधुओं की हत्या की गई। मामले में अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपित अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान पारस गिरी और सेवा गिरी (निवासी शुक्रताल, भोपा, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि घटना वाली रात पारस गिरी ने सेवा गिरी को मंदिर की गद्दी का उत्तराधिकारी घोषित किया था। इसी बात से नाराज होकर चारों आरोपितों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए और फिर सेवा गिरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद पारस गिरी पर भी हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
वारदात के बाद आरोपितों ने दोनों शवों को मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस के अनुसार, मंदिर में मौजूद उत्तम झा को भी धमकाया गया और उसका मोबाइल व सिम तोड़कर उसे वहां से चले जाने के लिए कहा गया, ताकि घटना का खुलासा न हो सके।
जांच के दौरान पुलिस ने अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए एक धारदार हथियार (पाठल) और दो फावड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल चौथे आरोपित की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



