उत्तर प्रदेश चंदौली जिले के डीडीयू नगर में मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वर्षों पुराने काली मंदिर को सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत हटाया जा रहा था। प्रशासन ने पहले स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की सहमति से सुभाष पार्क परिसर में नए मंदिर का निर्माण कराया। विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा को नए मंदिर में स्थापित करने के बाद पुराने मंदिर के ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू किया गया।
शुक्रवार देर रात प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से मंदिर को तोड़ा जा रहा था। इसी दौरान मंदिर का ऊपरी गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुंबद पहले जेसीबी से टकराया और फिर दिशा बदलते हुए पास में मौजूद लोगों पर आ गिरा। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में डांडी निवासी 59 वर्षीय लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी बलदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ एक स्थानीय व्यक्ति भी मलबे की चपेट में आ गया। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान बलदेव यादव की मौत हो गई। घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर बचाव कार्य चलाया गया और सुरक्षा के मद्देनजर ध्वस्तीकरण का काम तत्काल रोक दिया गया।
प्रशासन ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद सड़क चौड़ीकरण परियोजना के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठने लगे हैं।


