टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर पलटी बोलेरो, बड़ा हादसा टला; 9 यात्री घायल, सभी सुरक्षित

Spread the love

चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मुनस्यारी से हल्द्वानी की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन अमोड़ी क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन में नौ लोग सवार थे। हादसे में सभी यात्रियों को मामूली चोटें आईं और समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि वाहन सड़क से नीचे खाई में नहीं गिरा, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शाम करीब चार बजे तुलसी होटल के समीप हुआ। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर ही पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे लोगों और स्थानीय नागरिकों ने राहत कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और उनकी प्राथमिक सहायता की गई। बाद में सभी यात्रियों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की संभावित वजह वाहन के ब्रेक में आई खराबी मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। सड़क पर ही वाहन पलट जाने से सभी यात्रियों की जान बच गई।

गौरतलब है कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में अल्मोड़ा जिले में भी एक कार गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने और वाहनों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।