कैंची धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Spread the love

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया गया। तड़के सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन के लिए उमड़ पड़ीं। देश-विदेश से पहुंचे भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

जन्मोत्सव की पूर्व संध्या से ही कैंची धाम और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने पूरी रात हनुमान चालीसा का पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मंदिर परिसर और आसपास की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

सुबह 5 बजकर 5 मिनट पर खुले कपाट

मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह 5 बजकर 5 मिनट पर कपाट खोले गए। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिर की ओर उमड़ पड़ा। पहले ही घंटे में लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा नीब करौरी महाराज, पवनसुत हनुमान और अन्य देवी-देवताओं के दर्शन किए। भक्तों को मालपुए का प्रसाद भी वितरित किया गया।

जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। कई श्रद्धालु पूरी रात जागकर भक्ति कार्यक्रमों में शामिल रहे।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री बल के जवान तैनात किए गए हैं। विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है।

वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने रातभर क्षेत्र में कैंप कर व्यवस्थाओं की निगरानी की। मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

सड़क किनारे भंडारों व अस्थायी दुकानों पर रोक

भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भवाली से कैंची धाम तक सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी भंडारों, फड़ और खोखों पर प्रतिबंध लगाया है। प्रशासन का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

कैंची धाम में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में देश और विदेश से श्रद्धालु पहुंचे हैं। बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति आस्था रखने वाले भक्त कई दिनों पहले ही नैनीताल पहुंच गए थे। श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।