लिव-इन पार्टनर बना जान का दुश्मन, युवती ने छोड़ा फ्लैट तो युवक ने रास्ते में झोंका फायर, सीने को छूकर निकली गोली

Spread the love

सितारगंज। ऊधमसिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुकी एक युवती पर उसके पूर्व साथी ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली युवती के सीने को छूते हुए निकल गई और उसकी जान बच गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में शक्तिफार्म के जयंतनगर नंबर-2 निवासी माया मंडल ने बताया कि उनकी बेटी गुड़िया विश्वास पिछले कुछ समय से रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित शांति विहार में रहने वाले अजय रस्तोगी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया गया कि दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर करीब एक सप्ताह पहले गुड़िया विश्वास अजय का फ्लैट छोड़कर अपने मायके शक्तिफार्म लौट आई थी।

परिजनों का आरोप है कि युवती के घर लौटने के बाद अजय रस्तोगी लगातार उसे फोन कर परेशान कर रहा था। इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर युवती की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रहा था। आरोपी युवती पर दोबारा उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था।

आरोप है कि शुक्रवार शाम अजय ने रास्ते में गुड़िया को रोक लिया और उसके ऊपर तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवती के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गई। परिवार का कहना है कि यदि गोली सीधे लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी अजय रस्तोगी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। घायल युवती का उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

खटीमा क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवती की हालत में सुधार होने पर उसके विस्तृत बयान भी दर्ज किए जाएंगे।