मसूरी। बार्लोगंज-झड़ीपानी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीव्र ढलान पर कार के ब्रेक फेल होने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई गई और सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना से कुछ समय पहले कार सवारों ने बार्लोगंज क्षेत्र की एक दुकान से सामान खरीदा था। इसके बाद वाहन ढलान की ओर बढ़ा और चालक नियंत्रण नहीं रख सका। वाहन सड़क से बाहर निकलकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, 19 वर्षीय मनीत, सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली के रूप में हुई है। सभी मृतक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मसूरी, एसपी सिटी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी फिटनेस पर सवाल खड़े कर रही है।

