रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में फैक्ट्री कर्मी युवती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रही युवती का दुपट्टा एक चलती मोटर में फंस गया, जिससे वह संतुलन खोकर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप निवासी 25 वर्षीय नीरजा एक ऑटोमोबाइल फैक्ट्री में कार्यरत थी। शुक्रवार को वह अपनी शिफ्ट पूरी कर घर लौट रही थी। इस दौरान मुख्य मार्ग के बजाय एक संकरी गली से गुजरते समय उसका दुपट्टा वहां चल रही मोटर की चपेट में आ गया। अचानक हुए इस हादसे में वह जमीन पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिवार में मातम छा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका की असमय मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।

