रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से लौट रही एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर राजमार्ग से लगभग 200 मीटर नीचे गहरी ढलान पार करते हुए गंगा नदी में जा गिरी।
हादसे के समय वाहन में राजस्थान के जैसलमेर निवासी दो परिवारों के सदस्य और चालक सहित कुल आठ लोग सवार बताए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान एक 12 वर्षीय बालक गंभीर हालत में जीवित मिला, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। वहीं अब तक दो पुरुषों और एक महिला के शव बरामद किए जा चुके हैं। कई अन्य लोगों की तलाश के लिए गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
प्रशासन के अनुसार वाहन चारधाम यात्रा से लौट रहा था। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि लापता लोगों की खोज के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

