‘गोमांस बनाया है, खाओगे क्या?’ वीडियो वायरल होते ही महिला पर पुलिस की कार्रवाई

Spread the love

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। वीडियो में एक महिला कथित तौर पर खुद को गोमांस पकाते हुए दिखाती है और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर टिप्पणी करती नजर आती है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान जोसना बीवी के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के चकरपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। वायरल वीडियो में महिला बंगाली भाषा में बोलते हुए शुभेंदु अधिकारी को संबोधित करती दिखाई देती है। वह दावा करती है कि उसने गोमांस तैयार किया है और उन्हें खाने के लिए आमंत्रित कर रही है।

https://www.facebook.com/share/r/1LVmSeQyG2/

वीडियो में महिला ईद-उल-अजहा, कुर्बानी और पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी भी जाहिर करती है। साथ ही वह आरोप लगाती है कि मुसलमानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। वीडियो के अंत में महिला धार्मिक और राजनीतिक टिप्पणियां करते हुए शुभेंदु अधिकारी को चेतावनी देती नजर आती है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस को शिकायतें मिलीं। इसके बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित महिला को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सामग्री और उसके संभावित प्रभावों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अन्य इसे धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कदम बता रहे हैं।