गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में निकली विशेष कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ विवाद, घायल युवक एम्स ऋषिकेश रेफर
हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात एक कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना सामने आई है। घायल युवक अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा लौट रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर पैदल यात्रा कर रहा था।
बताया जा रहा है कि यह दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में यात्रा कर रहा था। देर रात होने पर सभी लोग गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुके थे। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवक नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली अजय के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हालांकि घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

