देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़क पर नमाज को लेकर दिए गए बयान के बाद अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखी है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और धार्मिक गतिविधियां निर्धारित स्थानों पर ही होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने सड़कों पर नमाज पढ़ने की इजाजत दिए जाने की बात कही थी, लेकिन राज्य सरकार का स्पष्ट मत है कि नमाज समेत सभी धार्मिक गतिविधियां तय स्थानों पर ही संपन्न होनी चाहिए। किसी को भी सार्वजनिक व्यवस्था और यातायात में बाधा उत्पन्न करने का अधिकार नहीं है।
सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में चारधाम यात्रा चल रही है और लाखों श्रद्धालु देवभूमि पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सड़कों को धार्मिक प्रदर्शनों का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा और यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात व व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग हर मुद्दे को वोट बैंक की राजनीति के नजरिए से देखते हैं, जबकि ऐसे मामलों में कानून-व्यवस्था और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की शांति, संस्कृति और अनुशासन से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड में आने वाले चारधाम श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन आवश्यक कदम उठाएगा तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को अनुमति नहीं दी जाएगी।

