“पत्नी कम पढ़ी-लिखी थी…”: इसी सोच ने ले ली नवविवाहिता की जान, देहरादून में पति ने कंबल से दबाकर की हत्या

Spread the love

देहरादून। पत्नी का कम पढ़ा-लिखा होना एक पति को इतना नागवार गुजरा कि उसने शादी के महज तीन महीने बाद ही अपनी नवविवाहिता पत्नी की हत्या कर दी। देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिस्पना नगर में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना में आरोपी पति ने नींद में कंबल से मुंह दबाकर पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य चार लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

रुद्रप्रयाग निवासी सलमान आसिफ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम से हुई थी। शहबाज देहरादून में लैब टेक्नीशियन का काम करता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर कहकशा को प्रताड़ित करने लगा था।

परिजनों के अनुसार 18 फरवरी को कहकशा ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि ससुराल वाले सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और इस बात को लेकर उसे परेशान किया जा रहा है। 3 मार्च की सुबह भी उसने फोन कर बताया कि पति, सास-ससुर, देवर और ननद पैसों को लेकर गुस्से में हैं।

इसी रात करीब 1:30 बजे मृतका के पिता को उसके ससुर यासीन का फोन आया कि कहकशा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। जब परिजन देहरादून पहुंचे और अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि कहकशा को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इसके बाद मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।

दूसरी शादी के लिए रची थी साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी शहबाज ने बताया कि उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ घरवालों ने कराई थी और उसकी पत्नी कम पढ़ी-लिखी थी। वह दूसरी जगह किसी पढ़ी-लिखी महिला से शादी करना चाहता था, जहां से उसे ज्यादा दहेज मिल सके। इसी लालच में उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

नींद में दबा दिया मुंह

3 मार्च की रात जब कहकशा सो रही थी, तब आरोपी ने कंबल से उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। बाद में वह उसे महंत इंद्रेश अस्पताल ले गया और बीमारी का बहाना बनाकर मामला दबाने की कोशिश की।

लेकिन अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलते ही मामला खुल गया। इसके बाद आरोपी घबरा कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति शहबाज आलम, सास खुर्शीदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।