स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा: हल्द्वानी में खुले मंच पर होगी नकल प्रकरण की जांच

हल्द्वानी। स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा-2025 में हुए कथित नकल प्रकरण की जांच अब आमजन और अभ्यर्थियों के सामने खुले मंच पर होगी। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यूसी ध्यानी की अध्यक्षता में गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग आगामी तीन और चार अक्टूबर को हल्द्वानी सर्किट हाउस, काठगोदाम में जनसुनवाई करेगा।

अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य जांच को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है। आयोग की कार्यवाही के दौरान अभ्यर्थी, नागरिक और संबंधित हितधारक सीधे अपनी शिकायतें, गवाही और सुझाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।

आयोग की यह घोषणा उस समय आई है जब उत्तराखंड युवा एकता मंच के संयोजक पियूष जोशी बीते छः दिनों से हल्द्वानी बुद्ध पार्क में आमरण अनशन और आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सात सूत्रीय ज्ञापन भेजकर सात दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की थी। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर पियूष जोशी ने अपना अनशन स्थगित किया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि समयसीमा में ठोस निर्णय नहीं आया तो कुमाऊं में छात्र आंदोलन फिर तेज होगा।

ज्ञापन की प्रमुख माँगें

  • 1. सीबीआई जांच आदेश की प्रति सार्वजनिक की जाए।
  • 2. भर्ती परीक्षा को नकल विरोधी कानून की धारा-5 के तहत निरस्त कर नया कैलेंडर जारी किया जाए।
  • 3. UKSSSC आयोग को भंग कर भर्ती प्रक्रिया UKPCS को सौंपी जाए।
  • 4. CBI जांच का दायरा और समयसीमा स्पष्ट की जाए।
  • 5. बुद्ध पार्क धरने में पुलिस के दुर्व्यवहार की न्यायिक/मानवाधिकार जांच हो।
  • 6. आंदोलनकारियों की सुरक्षा व संवाद के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।

पियूष जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री का CBI जांच का आश्वासन स्वागत योग्य है, लेकिन जब तक लिखित आदेश और ठोस निर्णय नहीं आते, आंदोलन जारी रहेगा।

छात्र व सामाजिक संगठनों का समर्थन

राज्य आंदोलनकारी ललित जोशी ने कहा कि यह जनसुनवाई युवाओं के लिए न्याय पाने का ऐतिहासिक अवसर है और अभ्यर्थियों को अपनी बात बेझिझक आयोग तक पहुंचानी चाहिए।

वहीं किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय ने परीक्षा रद्द करने सहित छात्रों की सभी मांगों का समर्थन किया और कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान संगठन भी छात्रों के साथ आंदोलन करेंगे।

जनसुनवाई का समय

  • 3 अक्टूबर : सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक
  • 4 अक्टूबर : सुबह 10 बजे से 11 बजे तक

इसके बाद आयोग देहरादून लौट जाएगा। प्रशासन और छात्र संगठनों ने अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में शामिल होने की अपील की है।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg