नशे में चालक ने 13 साल के छात्र को थमाया स्टेयरिंग, पिथौरागढ़ से गंगोलीहाट लौटते समय घाट के पास हुआ हादसा, सात छात्र-छात्राओं समेत चालक घायल

पिथौरागढ़। बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर थी, उन्होंने ही उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल दिया। गंगोलीहाट के विवेकानंद स्कूल के छात्र-छात्राओं को पिथौरागढ़ घुमाने के बाद वापस ले जा रहा चालक कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इतना ही नहीं, बच्चों के अनुसार उसने वाहन का स्टेयरिंग 13 वर्षीय छात्र तेजस को थमा दिया। इसी दौरान घाट के पास दिल्ली बैंड के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बोल्डर से टकरा गया। हादसे में सात छात्र-छात्राओं और चालक को चोटें आईं। पुलिस की मेडिकल जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, गंगोलीहाट के विवेकानंद स्कूल के बच्चे एक कोचिंग संस्थान के माध्यम से शिक्षक हिमांशु उप्रेती के साथ रविवार को शैक्षिक भ्रमण पर पिथौरागढ़ पहुंचे थे। बच्चों ने गुरना मंदिर और चंडाक क्षेत्र का भ्रमण किया। वापसी के दौरान शिक्षक दूसरे वाहन से रवाना हो गए, जबकि छात्र उसी वाहन में सवार थे। पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी बोल्डर से जा टकराई।

हादसे के बाद वाहन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों ने पुलिस को बताया कि चालक नशे में था और उसने बगल में बैठे 13 वर्षीय छात्र तेजस को स्टेयरिंग थमा दिया था। वाहन संभालने में असमर्थ रहने पर यह दुर्घटना हुई। सूचना पर घाट चौकी प्रभारी सुरेश कंबोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में 16 वर्षीय शशि निवासी कुमतोला, चालक गणेश बुंगला, 13 वर्षीय तेजस निवासी बुंगली, 16 वर्षीय कुमकुम बिष्ट निवासी पाताल भुवनेश्वर, 15 वर्षीय हर्षित, 16 वर्षीय प्रियांशु और 16 वर्षीय रिया शामिल हैं। वाहन में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे। कुछ बच्चों के सिर में चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने सीटी स्कैन कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस निरीक्षक ललित रावल के अनुसार मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नाबालिगों को ले जा रहे वाहन के चालक की स्थिति, बच्चों को वाहन में ले जाने की व्यवस्था और भ्रमण के दौरान शिक्षक की जिम्मेदारी जैसे पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg