2027 के चुनाव से पहले भाजपा ने फूंका बिगुल, अमित शाह ने दिया 65 पार का लक्ष्य

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने अपने राजनीतिक अभियान को धार देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को देहरादून पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह के मंच से आगामी विधानसभा चुनाव का एजेंडा सामने रख दिया। उन्होंने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा करते हुए पार्टी के लिए 65 से अधिक सीटों का लक्ष्य घोषित किया। साथ ही कांग्रेस पर तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और घुसपैठियों के संरक्षण की राजनीति करने का आरोप लगाकर उसे सीधे निशाने पर लिया।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी तक यह आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारा जा रहा है। शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का लक्ष्य है।

शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मनीऑर्डर पर निर्भर थी, जबकि भाजपा सरकार प्रदेश को औद्योगिक अर्थव्यवस्था की ओर ले जा रही है। उन्होंने राज्य में निवेश, सड़क कनेक्टिविटी और पर्यटन के विस्तार को भी सरकार की उपलब्धियों से जोड़ते हुए कहा कि जनता को तय करना है कि उसे विकास करने वाली भाजपा सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार वाली कांग्रेस सरकार।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ दल युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और निवेश के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।

चुनावी संदेश के साथ अमित शाह ने राज्य को 1475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये योजनाएं सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी विकास से संबंधित हैं। इसके बाद शाह ने पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया। इस प्रकार राज्य स्थापना दिवस का सरकारी कार्यक्रम भाजपा के चुनावी लक्ष्य, कांग्रेस पर हमले और धामी सरकार के कामकाज के राजनीतिक प्रस्तुतीकरण का मंच भी बना।