आधी रात सुनसान सड़क पर महिला के पास पहुंचा किशोर, फिर कुत्तों ने जो किया वह कैमरे में कैद हो गया

Spread the love

आधी रात सुनसान सड़क पर महिला के पास पहुंचा किशोर, फिर कुत्तों ने जो किया वह कैमरे में कैद हो गया। रात के करीब दो बजे सुनसान सड़क… सड़क किनारे अकेली बैठी एक महिला और उसके आसपास मौजूद दो कुत्ते। तभी वहां एक किशोर पहुंचता है। कुछ देर बातचीत के बाद वह कुत्तों को वहां से भगाने की कोशिश करता है। लेकिन शायद उसे अंदाजा नहीं था कि यही कुत्ते कुछ देर बाद महिला और उसके बीच सुरक्षा की दीवार बन जाएंगे।

तमिलनाडु के कोयंबटूर में सामने आई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब चर्चा में है। थुडियालूर इलाके में 3 सितंबर की तड़के करीब दो बजे एक 16 वर्षीय किशोर ने करीब 30 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाते ही उसके आसपास मौजूद दो कुत्ते भौंकते हुए किशोर की ओर दौड़ पड़े। किशोर वहां से भागने लगा तो कुत्तों ने उसका पीछा भी किया।

पुलिस के अनुसार महिला उसी इलाके में रहती है और उसके साथ हल्का विकासात्मक विकार बताया गया है। घटना के समय वह रेलवे ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर बैठी थी। किशोर उसके पास पहुंचा। सीसीटीवी में वह कुत्तों को भगाने की कोशिश करता दिखाई देता है। उसने पत्थर उठाकर उन्हें दूर करने का प्रयास भी किया, लेकिन दोनों कुत्ते कुछ दूर जाकर फिर लौट आए और लगातार भौंकते रहे।

इसके बाद किशोर ने महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। महिला के चिल्लाने पर कुत्ते तुरंत उसकी ओर दौड़े। पुलिस के अनुसार, उनके हस्तक्षेप के बाद किशोर वहां से भाग गया।

इस पूरी घटना का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि पुलिस मूल रूप से इस घटना की जांच नहीं कर रही थी। इलाके में एक छोटी दुकान में आग लगाए जाने की शिकायत के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान कैमरे में महिला और किशोर से जुड़ी यह घटना दिखाई दी। पुलिस ने फुटेज को दोबारा जांचा और घटना की पुष्टि की।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने किशोर की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया। उसे पापनाइकनपालयम स्थित किशोर पर्यवेक्षण गृह भेजा गया है।

कुत्तों की वफादारी ने खींचा ध्यान

घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। सबसे ज्यादा चर्चा उन दो कुत्तों की हो रही है, जो महिला के आसपास मौजूद रहे और खतरा महसूस होने पर उसके पास पहुंचकर किशोर को वहां से दूर कर दिया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 75 और 79 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।