केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षा 9 मार्च और 12वीं की परीक्षा 9 अप्रैल तक चलेगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित होंगी।
सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में कुल 83 विषय शामिल हैं। पहले दिन 16 फरवरी को पेंटिंग का पेपर होगा। 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और बेसिक की परीक्षा होगी। विज्ञान का पेपर 22 फरवरी, अंग्रेजी का 26 फरवरी, हिंदी का 3 मार्च और सामाजिक विज्ञान का पेपर 8 मार्च को होगा। अंतिम परीक्षा 9 मार्च को निर्धारित है।
वहीं, 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं होंगी। पहले दिन 16 फरवरी को भौतिक विज्ञान का पेपर होगा। रसायन विज्ञान की परीक्षा 27 फरवरी, गणित की 9 मार्च, हिंदी की 13 मार्च, अर्थशास्त्र की 16 मार्च, राजनीति विज्ञान की 19 मार्च और जीव विज्ञान की परीक्षा 25 मार्च को होगी। बिजनेस स्टडीज का पेपर 1 अप्रैल को होगा। अंतिम परीक्षा 9 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
एक जनवरी से होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
बोर्ड के अनुसार नियमित स्कूलों में 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट वर्क और आंतरिक मूल्यांकन एक जनवरी 2027 से शुरू होंगे। वहीं शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में यह प्रक्रिया 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। परीक्षा की अवधि विषय के अनुसार दो या तीन घंटे निर्धारित की गई है।



