बच्चों की तबीयत बिगड़ी तो सामने आया कथित शोषण का मामला, छह माह तक डर के साये में रहे मासूम

Spread the love

देहरादून में बच्चों की सेहत में आए बदलाव ने एक ऐसे मामले की परतें खोल दीं, जिसकी जानकारी परिवार को लंबे समय तक नहीं थी। देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चों के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले पांच से छह महीने से बच्चों को डराने-धमकाने के साथ उन्हें नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दे रहा था। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे काफी समय से बीमार रहने लगे थे। परिजनों ने जब उनसे परेशानी के बारे में बातचीत की तो बच्चों ने अपने साथ हुई कथित घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी और आरोपी को पकड़ लिया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने कथित घटनाओं का वीडियो भी बनाया था। बच्चों को धमकी दी जाती थी कि यदि उन्होंने किसी को कुछ बताया तो वीडियो प्रसारित कर दिया जाएगा। इस तरह उन्हें चुप रखने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसके चेहरे पर कालिख पोतकर उसे क्षेत्र में घुमाया गया और फिर पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस ने दोनों बच्चों के परिजनों की शिकायत पर आरोपी जितेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।