भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नरेश पांडे पहले से ही पॉक्सो मामले में जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ पहले भी गंभीर आरोपों को लेकर मामला दर्ज हो चुका है। अब देहरादून की एक महिला की शिकायत ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है।
देहरादून निवासी महिला ने नरेश पांडे पर यौन शोषण और करीब 18 तोले सोने के गहने हड़पने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर नैनीताल की मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला देहरादून पुलिस को भेज दिया है।
महिला के मुताबिक, वह देहरादून के एक मॉल में काम करती थी। इसी दौरान नरेश पांडे से उसकी पहचान हुई। महिला का आरोप है कि उसने बेहतर नौकरी की तलाश के बारे में नरेश पांडे से बात की तो उसे अपने रिजार्ट में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया।
आरोप है कि कुछ समय बातचीत के बाद महिला को एक होटल में बुलाया गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। जब महिला ने नौकरी के बारे में पूछा तो रिजार्ट का निर्माण कार्य चलने की बात कहकर उसे टाल दिया गया।
इसके बाद महिला का आरोप है कि नरेश पांडे ने सोना गिरवी रखने के कारोबार की बात कही और उसके गहनों के बदले हर महीने रकम देने का भरोसा दिया। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण महिला ने शादी और उसके बाद खरीदे गए करीब 18 तोले सोने के गहने उन्हें दे दिए।
महिला के मुताबिक, गहने देने के बाद न तो उसे नौकरी मिली और न ही हर महीने कोई रकम दी गई। आरोप है कि बाद में नरेश पांडे ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। महिला का कहना है कि करीब दो महीने पहले नरेश पांडे ने खुद फोन कर गहने वापस करने की बात कही थी। इसी बीच उसे इंटरनेट मीडिया और समाचार पत्रों से उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में बताए गए घटनास्थल देहरादून में होने के कारण मल्लीताल कोतवाली में जीरो एफआईआर दर्ज कर इसे देहरादून के राजपुर थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 64 और 351 के तहत कार्रवाई की गई है।



