पानी गर्म करने गईं थीं खीमा देवी, करंट ने छीन ली जिंदगी, फिर दो किमी पैदल चली जिंदगी बचाने की कोशिश

Spread the love

सुबह की एक सामान्य दिनचर्या अचानक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। पिथौरागढ़ जिले के कभड़िया गांव की 60 वर्षीय खीमा देवी नहाने के लिए पानी गर्म कर रही थीं। इसी दौरान हीटर रॉड की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ हादसा नहीं थी, बल्कि उन्हें इलाज तक पहुंचाने की थी।

गांव तक सड़क नहीं होने के कारण परिजन खीमा देवी को करीब दो किलोमीटर तक पैदल उठाकर अस्कोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से 108 एंबुलेंस के जरिए उन्हें डीडीहाट सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद परिवार ने एक ऐसा सवाल उठाया है, जो पहाड़ के कई दूरस्थ गांवों की मुश्किलों को सामने लाता है। मृतका के पति प्रताप सिंह का कहना है कि यदि गांव तक सड़क होती तो पत्नी को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। खीमा देवी के तीन बेटे रोजगार के सिलसिले में अरुणाचल प्रदेश में रहते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है और उनके देर रात तक गांव पहुंचने की संभावना बताई गई है।