गौलापार में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पति के हमले में पत्नी गंभीर

Spread the love

हल्द्वानी। गौलापार के देवला तल्ला पजाया क्षेत्र में गुरुवार दोपहर घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर फावड़े के डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला बेहोश हो गई। परिजन उसे पहले डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बाद में उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए भेज दिया। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक देवला तल्ला पजाया निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत का गुरुवार दोपहर अपनी 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान नीलम ने घर में रखी तलवार उठा ली, जबकि महेंद्र ने फावड़े का डंडा लेकर पत्नी पर हमला कर दिया।

हमले में नीलम के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला की स्थिति देखकर महेंद्र ने ही आपातकालीन सेवा के 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने महेंद्र को हिरासत में ले लिया है।

पहली पत्नी से दो, नीलम से एक बच्चा

पुलिस के अनुसार महेंद्र की यह दूसरी शादी है। उसकी पहली पत्नी से दो बच्चे और नीलम से एक बच्चा है। तीनों बच्चे अलग-अलग रहते हैं। पुलिस अब पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की वजह और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि महिला के पति को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बीच विवाद से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।