चोरी के मोबाइल से मालिक को मैसेज, फोन खोलने के लिए मांगा पासवर्ड

Spread the love

देहरादून में मोबाइल चोरी करने के बाद आरोपी ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पीड़ितों की चिंता और बढ़ा दी। आरोप है कि फोन चोरी करने वाले ने उसे अनलॉक करने के लिए उसके मालिक से ही पासवर्ड मांग लिया। क्लेमेनटाउन क्षेत्र में सामने आए इस मामले के बाद मोबाइल चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पर युवती कौशिकी ध्यानी का एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें वह अपने और अपने भाई के मोबाइल फोन चोरी होने की बात बता रही है। युवती के मुताबिक, फोन चोरी होने के बाद संबंधित नंबर से संदेश भेजकर पासवर्ड पूछा गया। उसने यह भी दावा किया कि क्षेत्र के अलावा प्रेमनगर सहित अन्य स्थानों पर भी मोबाइल चोरी की घटनाएं हुई हैं। हालांकि, इन सभी घटनाओं में एक ही आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच से ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को सक्षम नाम के युवक ने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दी थी। मामले की जांच के लिए सर्विलांस टीम को लगाया गया। चोरी हुए फोन का पता लगाने के साथ ही पासवर्ड मांगने के लिए इस्तेमाल किए गए नंबर की भी निगरानी की जा रही है।

सीओ अंकित कंडारी के मुताबिक, पुलिस फोन बरामद करने और आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस संबंध में पुलिस टीम दबिश भी दे रही है।