चीखते हुए बरामदे में पहुंची पत्नी, पति ने पाठल से गर्दन पर किया वार, हत्या कर फरार

Spread the love

कालसी (देहरादून)। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के कचटा गांव में गुरुवार शाम घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पति से कहासुनी के बाद चीखते हुए बरामदे में पहुंची पत्नी पर उसने पाठल से गर्दन पर वार कर दिया। हमले में नीलम की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित पति मनोज मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, मनोज और नीलम के बीच गुरुवार शाम घर के कमरे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर नीलम चिल्लाते हुए बरामदे की ओर पहुंची। इसी दौरान मनोज ने वहां रखे पाठल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलम को वहीं छोड़कर आरोपित फरार हो गया।

चीखने की आवाज सुनकर घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल बाहर निकली। घटना देखकर उसने परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

सूचना पर कालसी के नायब तहसीलदार रवींद्र असवाल और चकराता के नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल राजस्व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने शव कब्जे में लेकर घटनास्थल से पाठल बरामद किया। घटना के समय मौजूद किशोरी के बयान दर्ज किए गए और परिजनों समेत स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।

नीलम की शादी करीब चार साल पहले मनोज से हुई थी। मनोज गांव में परिवार के साथ खेतीबाड़ी करता है। पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना के बाद से आरोपित फरार है और राजस्व पुलिस उसकी तलाश कर रही है।