अल्मोड़ा। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार की सुबह अल्मोड़ा के हवालबाग क्षेत्र से बेहद दुखद खबर सामने आई। उडयूडा ग्राम पंचायत में भूस्खलन के दौरान पहाड़ी का भारी मलबा एक आवासीय मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर के भीतर मौजूद एक ही परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसा हवालबाग विकासखंड के उडयूडा गांव में हुआ। बारिश के बाद पहाड़ी का मलबा अचानक खिसका और सीधे मकान की ओर आ गया। देखते ही देखते मलबे ने घर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घर में मौजूद प्रेमा देवी (41), उनके बेटे मनीष (17) और बेटी कल्पना (19) मलबे में फंस गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बचाव दल ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। बारिश और पहाड़ी परिस्थितियों के बीच टीम ने काफी प्रयास के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से उडयूडा गांव में मातम पसर गया। हादसे ने ग्रामीणों को भी झकझोर दिया। बारिश के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के बढ़ते खतरे के बीच इस घटना ने एक बार फिर संवेदनशील इलाकों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मकान में मलबा आने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और आपदा राहत दल को मौके पर भेजा गया था। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीनों के शव बरामद किए गए।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



