क्रिकेट खेलते समय गिरी आकाशीय बिजली, युवक की मौत, दो गंभीर घायल

Spread the love

होशियारपुर (पंजाब)। जिले के गढ़शंकर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां क्रिकेट खेल रहे युवकों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, गांव रसूलपुर निवासी तरनवीर सिंह (पुत्र ओंकार राम) शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपने साथियों के साथ बक्कापुर स्थित खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आकाशीय बिजली चमकी और मैदान में मौजूद युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तरनवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, इस घटना में जसप्रीत सिंह (17 वर्ष, पुत्र लक्ष्मण राम) और अंशप्रीत सिंह (18 वर्ष, पुत्र मुख्तियार राम) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत इलाज के लिए नवांशहर के राजा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वे खबर लिखे जाने तक पूरी तरह होश में नहीं आए थे।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल गढ़शंकर के सरकारी अस्पताल और निजी अस्पताल को सूचित किया। मृतक तरनवीर का शव गढ़शंकर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय करीब एक दर्जन युवक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज बिजली गिरने से यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग दहशत में हैं।

ग्रामीणों ने अपील की है कि बरसात या खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में खेलने से बचें और विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।