टायर फटा और पलट गया ट्रक: देहरादून में बड़ा हादसा, स्कूटी सवार युवती आई चपेट में

Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार शाम को कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला में तेज रफ्तार मार्बल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में स्कूटी सवार एक युवती और ट्रक चालक घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलटता हुआ दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार सहारनपुर से मार्बल लेकर आ रहा ट्रक मोहब्बेवाला के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसका आगे का टायर फट गया। टायर फटते ही ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इसी दौरान स्कूटी से जा रही अंजलि (निवासी कमल विहार, बंजारावाला) ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में ट्रक चालक फैजल (निवासी अलवर, राजस्थान) भी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसके चलते पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा। ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका।

गौरतलब है कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में पिछले पांच महीनों में यह चौथी बड़ी दुर्घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। 18 फरवरी को इसी चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक कार पर पलट गया था, जिससे कार में आग लग गई थी। हालांकि कार सवार समय रहते बाहर निकल गए थे।

5 दिसंबर 2025 को सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर छह वाहनों से टकराने के बाद सड़क किनारे नाले में पलट गया था। वहीं 14 अक्टूबर 2025 को एक ट्रक मकान में घुस गया था, जिससे घर के लोग बाल-बाल बच गए थे।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और परिवहन विभाग से भी इस संबंध में बातचीत की जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।