हल्द्वानी। उत्तराखंड की शांत व सुरक्षित मानी जाने वाली देवभूमि में अब बाहरी राज्यों के शातिर अपराधी नए-नए हथकंडों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। कभी रेस्टोरेंट संचालकों को बदनाम करने की धमकी देकर वसूली की जा रही है, तो कहीं ‘हनी ट्रैप’ के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर मोटी रकम ऐंठी जा रही है। पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने ऐसे ही दो संगठित गिरोहों का पर्दाफाश कर यह साफ संदेश दिया है कि प्रदेश में अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
रेस्टोरेंट को बदनाम करने की साजिश, संचालन से लाखों की मांग
![]()
श्रीनगर क्षेत्र में एक संगठित गिरोह ने बेहद सुनियोजित तरीके से रेस्टोरेंट संचालक को अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले रेस्टोरेंट में खाना खाया और फिर खाने में कॉकरोच मिलने का आरोप लगाकर वीडियो बना लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल करने और खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत कर भारी जुर्माना लगवाने की धमकी दी गई।
गिरोह ने फर्जी नोटिस भेजकर रेस्टोरेंट की साख खराब करने का दबाव बनाया और 2.5 लाख रुपये की मांग की। लगातार मानसिक दबाव के चलते पीड़ित परिवार को पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये भी ट्रांसफर करने पड़े।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक डिटेल्स के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और हरियाणा के झज्जर से मुख्य आरोपी अक्षत आनंद उर्फ साहिल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि पूरी साजिश पहले से रची गई थी।
‘हनी ट्रैप’ से ब्लैकमेल: युवती बनाती थी शिकार, साथी करता था वीडियो रिकॉर्ड
![]()
दूसरे मामले में कोटद्वार क्षेत्र में एक अलग ही तरह का संगठित अपराध सामने आया। यहां एक युवती और उसका साथी मिलकर लोगों को प्रेम जाल में फंसाते थे। युवती पहले लिफ्ट मांगकर या बातचीत के जरिए लोगों से नजदीकियां बढ़ाती, फिर उन्हें होटल या कमरे में ले जाती थी।
पहले से तय प्लान के तहत उसका साथी वहां पहुंचकर आपत्तिजनक वीडियो बना लेता और फिर उसे वायरल करने या झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने अब तक दर्जनों लोगों को अपना शिकार बनाया है। कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर के निवासी बताए जा रहे हैं।
दोनों मामलों में पौड़ी पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उत्तराखंड में बाहरी अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस अब इन गिरोहों के अन्य सदस्यों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
देवभूमि में बढ़ती इस तरह की आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं, जहां बाहरी गिरोह स्थानीय लोगों और व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं। हालांकि, पुलिस की सक्रियता से ऐसे अपराधियों पर लगाम कसने की कोशिश तेज हो गई है, लेकिन आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।

