रुद्रपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे एक धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शेर सिंह बताया जा रहा है, जो उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल रह चुका है और वर्ष 2025 से निलंबित चल रहा है।
बताया जा रहा है कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर धरना स्थल पर मौजूद था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है और उसकी वर्तमान सेवा स्थिति के साथ यह भी जांच शुरू कर दी है कि यदि वह निलंबित है तो सार्वजनिक स्थान पर पुलिस वर्दी पहनने की अनुमति किस आधार पर थी।
सूत्रों के अनुसार, शेर सिंह की पूर्व में पिथौरागढ़ जिले में तैनाती रही है। अब पुलिस मुख्यालय स्तर पर उसके सेवा अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि मामले में विभागीय नियमों के तहत कोई कार्रवाई बनती है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वीडियो के वायरल होने के बाद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।



