देहरादून। उत्तराखंड में सर्दियों की तस्वीर इस बार कुछ बदली हुई नजर आ रही है। जलवायु परिवर्तन के चलते न केवल मौसम के पैटर्न में बदलाव आया है, बल्कि इसका सीधा असर तापमान पर भी दिखने लगा है। सर्दियों में अपेक्षित बारिश नहीं होने से मैदानों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक सूखी ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले चार से पांच दिनों में प्रदेशभर के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे रातें ज्यादा सर्द होंगी, जबकि दिन के समय तेज धूप रहने से ठंड का प्रभाव कुछ हद तक कम महसूस किया जाएगा। फिलहाल पूरे सप्ताह प्रदेश में बारिश के कोई खास संकेत नहीं हैं।
रविवार को राजधानी दून में दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान का रुख लगभग इसी तरह बना रहा।
पहाड़ों में बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है। हालांकि मैदानी और शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

