वैश्विक राजनीति आज सिर्फ नीतियों से नहीं, बल्कि बयानों से भी संचालित हो रही है। डोनाल्ड ट्रंप का ताज़ा दावा है कि ईरान ने अमेरिका को 10 ऑयल टैंकर “गिफ्ट” किए, जिनमें से 8 स्ट्रेट ऑफ हार्मोज पार कर चुके हैं और उन पर पाकिस्तान के झंडे लगे हैं सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति की जटिल परतों को उजागर करता है।
ट्रंप इसे ईरान की “समझौते की गंभीरता” बताते हैं, लेकिन इसी के साथ वे धमकी भी देते हैं कि अगर ईरान अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाएं नहीं छोड़ेगा, तो अमेरिका “सबसे बुरा सपना” साबित होगा। एक ही वक्त में नरमी और आक्रामकता यह विरोधाभास ट्रंप की राजनीति की पहचान बन चुका है।
व्हाइट हाउस में हुई कैबिनेट बैठक में भी यही स्वर गूंजा। उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है, वहीं विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस युद्ध को “दुनिया पर एहसान” करार दिया। यह बयानबाज़ी एक ऐसे आत्मविश्वास को दर्शाती है, जो वास्तविकता से कितना मेल खाती है यह बड़ा सवाल है।
ट्रंप का यह कहना कि अमेरिका को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज की जरूरत नहीं है और देश के पास सऊदी अरब व रूस से दोगुना तेल है, एक अलग ही कहानी बयां करता है। जबकि हकीकत यह है कि यही जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है, जहां हलचल का असर सीधे वैश्विक बाजार पर पड़ता है।
युद्ध और इस तरह की आक्रामक बयानबाज़ी का सबसे सीधा असर महंगाई पर पड़ता है। तेल की कीमतों में जरा सा उतार-चढ़ाव पूरी सप्लाई चेन को प्रभावित करता है। अमेरिका में पहले से ही युद्ध के बाद महंगाई एक गंभीर समस्या बनी हुई है और यह असर सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं रहता। भारत जैसे देशों में भी पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की चीजें महंगी हो जाती हैं।
ट्रंप का वेनेजुएला मॉडल का जिक्र भी कम दिलचस्प नहीं है। निकोलस मादुरो को हटाने और वहां नई व्यवस्था के साथ तेल समझौते की बात करके वे यह संकेत देते हैं कि ईरान के साथ भी वैसा ही रास्ता अपनाया जा सकता है। लेकिन क्या हर देश की परिस्थिति एक जैसी होती है? क्या इस तरह के “मॉडल” वास्तव में स्थिरता ला सकते हैं या सिर्फ अस्थायी लाभ देते हैं?
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि ट्रंप के बयान लगातार बदलते नजर आते हैं कि कभी वे कहते हैं कि ईरान “गिड़गिड़ा” रहा है, तो कभी खुद समझौते की अनिश्चितता जताते हैं। इस तरह की अनिश्चितता वैश्विक बाजारों में अस्थिरता को बढ़ाती है, जिसका खामियाजा आम जनता को महंगाई के रूप में भुगतना पड़ता है।
आज दुनिया एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां युद्ध, तेल और राजनीति एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा दबाव उस आम आदमी पर है, जिसकी आय नहीं बढ़ती, लेकिन खर्च लगातार बढ़ता जाता है।
ऐसे समय में वैश्विक नेतृत्व से स्थिरता, स्पष्टता और जिम्मेदारी की उम्मीद की जाती है। मगर जब बयान ही रणनीति बन जाएं, तो नीतियां पीछे छूट जाती हैंऔर महंगाई, अस्थिरता और अनिश्चितता ही दुनिया की नई सच्चाई बन जाती है।

