कैंची धाम स्थापना दिवस 2026: 13 से 16 जून तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की व्यवस्था

Spread the love

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नैनीताल पुलिस प्रशासन ने 13 जून से 16 जून 2026 तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इस दौरान बाहरी राज्यों, उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों तथा स्थानीय क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं। कैंची धाम के आसपास निजी वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी और श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों से शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को विभिन्न डायवर्जन प्वाइंट्स से होते हुए काठगोदाम और गोलापार क्षेत्र की पार्किंगों तक भेजा जाएगा। यहां वाहन पार्क कराने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

रेल और रोडवेज बसों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन तथा बस स्टेशन से विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।

नैनीताल जिले के श्रद्धालुओं अलग व्यवस्था

रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वालों के लिए निर्देश

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से यात्रियों को शटल बसों द्वारा कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी और अल्मोड़ा के बीच आवागमन करने वाले वाहनों को खुटानी, नथुवाखान, रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 13 जून सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों का संचालन बंद रहेगा। इसके बाद 14 जून की मध्यरात्रि से 16 जून रात 11 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी निर्धारित समय में ही संचालित हो सकेंगे।

रोडवेज और केएमओयू बसों के लिए विशेष रूट

14 जून दोपहर 2 बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाली रोडवेज और केएमओयू बसों को कैंची धाम और भवाली क्षेत्र से न ले जाकर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा। 14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में सभी टैक्सी बाइक और दुपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विभिन्न चेक प्वाइंट्स पर इन्हें रोककर निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा।

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा शटल सेवाओं का लाभ उठाकर कैंची धाम पहुंचें। प्रशासन का कहना है कि इससे मेले के दौरान यातायात सुचारु रहेगा और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

प्रमुख शटल सेवा केंद्र

  • सैनिटोरियम पार्किंग भवाली
  • जंगलात बैरियर भवाली
  • विकास भवन भीमताल
  • खैरना पार्किंग
  • पनीराम डांबा
  • तल्लीताल टैक्सी स्टैंड
  • नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम
  • काठगोदाम रेलवे स्टेशन
  • हल्द्वानी रोडवेज एवं केएमओयू स्टेशन
  • प्रस्तावित आईएसबीटी पार्किंग, गौलापार