हल्द्वानी। बुधवार से लगातार हो रही भारी बारिश से गौला बैराज में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया है। वर्तमान में गौला नदी डाउनस्ट्रीम में 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। गौला नदी फ्लड लेवल से 12 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
नदी के तेज बहाव को देखते हुए जल संस्थान की ओर से बुधवार रात 2:00 बजे से गौला नदी से पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। बैराज के पास डाउनस्ट्रीम जलस्तर 504.40 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के स्तर 504.97 मीटर के करीब पहुंच रहा है। जलस्तर कम होने के बाद पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।
बारिश का क्रम जारी रहने के कारण जलस्तर में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने बैराज के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और नदी के नजदीक जाने से बचने की अपील की है।

