बच्चों के झगड़े ने लिया हिंसक रूप, निजामगढ़ में लाठी-डंडों से हमला,  दो गंभीर घायल

Spread the love

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र के निजामगढ़ गांव में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बीते दिन गांव में बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में उसी बात को लेकर बड़ों के बीच बहस छिड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे निकालकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। घटना के दौरान महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं और वायरल वीडियो में अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है।

मारपीट में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और चौकी इंचार्ज पतरामपुर को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मारपीट में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।