हल्द्वानी में सड़क से अस्पताल तक चला खूनी संघर्ष, इमरजेंसी वार्ड में घुसकर घायल पर दोबारा हमला

Spread the love

हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार को दो युवकों के गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद सड़क से होते हुए अस्पताल तक पहुंच गया। पहले ठंडी सड़क क्षेत्र में एक युवक पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद जब घायल को उपचार के लिए बेस अस्पताल लाया गया तो आरोप है कि हमलावर वहां भी पहुंच गए और इमरजेंसी वार्ड के बाहर एक बार फिर हमला कर दिया। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीज, तीमारदार और स्वास्थ्यकर्मी दहशत में आ गए। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, वेलेजली लॉज और राजपुरा क्षेत्र के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर ठंडी सड़क पर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष ने लक्की सागर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।

घायल लक्की सागर को उसका साथी अनुज कुमार उपचार के लिए बेस अस्पताल लेकर पहुंचा। आरोप है कि कुछ ही देर बाद हमलावर भी अस्पताल पहुंच गए। इमरजेंसी वार्ड के बाहर अनुज कुमार पर भी हमला कर दिया गया। इस दौरान मारपीट अस्पताल के भीतर तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर घायल युवकों के पीछे दौड़ते हुए इमरजेंसी क्षेत्र तक पहुंच गए, जिससे वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों को भी कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित होने की स्थिति का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों घायलों का उपचार कराया गया, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल परिसर में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।