नेपाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वीडियो में एक युवक एक युवती को खुकुरी दिखाकर धमकाता और उसके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला नेपाल के दांग जिले के तुलसीपुर उपमहानगरपालिका क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय रमेश ठाडा मगर ने करीब तीन महीने पहले एक युवती को जंगल क्षेत्र में ले जाकर खुकुरी के बल पर डराया-धमकाया और उसकी पिटाई की थी। घटना का वीडियो भी बनाया गया था।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे अपने ही फेसबुक अकाउंट से इस वीडियो को सार्वजनिक कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
वीडियो सामने आने के तुरंत बाद तुलसीपुर क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय की टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने उसी रात करीब 10:40 बजे आरोपी रमेश ठाडा मगर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से विभिन्न प्रकार की नशीली दवाइयां भी बरामद की गईं। पुलिस ने प्रेगामैक्स, ट्रामाडोल, एंटिकफ तथा नाइट्राजेपाम जैसी दवाओं की गोलियां जब्त करने की जानकारी दी है।
https://www.facebook.com/share/v/18NypKsGHn/
इस मामले में 21 वर्षीय जिबराज खत्री नामक एक अन्य युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान और कौन-कौन शामिल था।
वायरल वीडियो ने नेपाल में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

