पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र के जाराजिबली डाकघर में तैनात हरियाणा निवासी डाकसेवक पारुल को विभागीय जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने करीब दो महीने तक क्षेत्र के लोगों की डाक वितरित नहीं की। इस दौरान आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज डाकघर में ही पड़े रहे, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामला उस समय सामने आया जब ग्रामीणों ने लगातार डाक नहीं मिलने की शिकायत उठाई। लोगों का कहना था कि कई जरूरी दस्तावेज, सरकारी पत्र और आधार कार्ड लंबे समय से उनके पास नहीं पहुंचे थे। जब इस संबंध में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि बड़ी मात्रा में डाक डाकघर में ही जमा पड़ी हुई है।
https://www.facebook.com/share/v/1CwSEAr38v/
बीते शुक्रवार को इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और डाकसेवक पारुल के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, विवाद के दौरान डाकसेवक ने क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश धामी के साथ भी बहस की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “मैं लड़की हूं, फंसा दूंगी।” वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मामले की शिकायत डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से की।
ग्रामीणों का आरोप था कि डाक वितरण में लापरवाही के साथ-साथ उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने डाक अधीक्षक अशोक कुमार पाठक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डाक अधीक्षक ने डाक निरीक्षक आशीष राणा को जांच के निर्देश दिए।
विभागीय जांच में सामने आया कि लंबे समय से डाक का वितरण नहीं किया गया था। जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद डाक विभाग ने डाकसेवक पारुल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही क्षेत्र में डाक व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अतिरिक्त डाककर्मी की तैनाती भी कर दी गई है।
डाक अधीक्षक अशोक कुमार पाठक ने कहा कि जनता तक समय पर डाक पहुंचाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। डाक वितरण में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद जाराजिबली और आसपास के क्षेत्रों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत नहीं उठाई जाती तो लोगों के महत्वपूर्ण दस्तावेज और सरकारी पत्र लंबे समय तक डाकघर में ही पड़े रहते।

