केदारनाथ यात्रा में फर्जी वीआईपी का खेल खत्म! ‘बिहार सरकार’ लिखी स्कॉर्पियो पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

रुद्रप्रयाग। देवभूमि उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान वीआईपी रौब झाड़ने की कोशिश एक वाहन चालक को भारी पड़ गई। सोनप्रयाग क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को रोका, जिस पर बड़े अक्षरों में “बिहार सरकार” लिखा हुआ था और अवैध हूटर भी लगा था।

जांच में पता चला कि वाहन में मौजूद किसी भी व्यक्ति का सरकारी पहचान से कोई संबंध नहीं था। पुलिस को शक होने पर पूछताछ की गई, जिसमें कथित वीआईपी पहचान का दावा फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने वाहन से हूटर और नेम प्लेट हटाकर जब्त कर ली तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत स्कॉर्पियो को सीज कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि चारधाम यात्रा के दौरान फर्जी वीआईपी संस्कृति, अवैध हूटर और सरकारी पहचान के दुरुपयोग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।