काठमांडू/प्यूठान। नेपाल के प्यूठान जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति खेत जोतते समय थक चुके बैल के साथ कथित तौर पर क्रूर व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि काम करने में असमर्थ हो चुके बैल का मुंह जबरन मिट्टी में दबाने की कोशिश की गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बैल लंबे समय तक खेत जोतने के कारण थक गया था और आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं था। इसी दौरान व्यक्ति द्वारा उसके साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
https://www.facebook.com/share/r/18WVQivPgo/
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पशु प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। रिपोर्टों के मुताबिक, मामले का संज्ञान लेते हुए नेपाल पुलिस ने 36 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना ने पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और उनके अधिकारों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

