आगरा में एक शादीशुदा युवक की कथित प्रेमिका से मुलाकात उस समय भारी पड़ गई जब उसकी पत्नी अचानक होटल पहुंच गई। होटल के भीतर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में सड़क पर पहुंच गया, जहां पत्नी और दूसरी महिला के बीच जमकर कहासुनी और हाथापाई हुई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने राह चलते लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बताया जा रहा है कि एक विवाहित युवक अपनी परिचित महिला के साथ एक होटल में मौजूद था। इसी दौरान युवक की पत्नी को इसकी जानकारी मिल गई और वह सीधे होटल पहुंच गई।
होटल में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। पहले पति से सवाल-जवाब हुए, फिर दोनों महिलाओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और होटल में मौजूद लोग भी पूरे घटनाक्रम को देखने लगे।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ता देख दूसरी महिला होटल से बाहर निकल गई और स्कूटी से जाने लगी, लेकिन पत्नी भी उसके पीछे-पीछे बाहर पहुंच गई। सड़क पर दोनों एक बार फिर आमने-सामने आ गईं। कुछ ही देर में कहासुनी धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों महिलाओं के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही। इस दौरान पति बीच-बचाव करता रहा, लेकिन स्थिति उसके नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे।
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया गया। इसके बाद विवाद शांत हुआ और सभी लोग वहां से चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

