ग्रामीणों के बीच पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा, बिजली-पानी और सड़क समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

Spread the love

भीमताल। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने मटेला, कौड़ार, पस्या, नाई, भीड़ापानी, कचलाकोट, सुनकोट, गुरना और भेटी सहित कई गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। भीड़ापानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं और पाइपलाइन निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की जल्द मरम्मत कर यातायात सुचारु करने को कहा।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने और पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।