हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, महिला की मौत, 26 यात्री घायल

Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सप्तऋषि क्षेत्र में श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य लोग घायल हो गए। बस में करीब 45 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस सड़क किनारे पीछे की ओर की जा रही थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन पलट गया। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बस को पलटता देख सामने से आ रहे एक डंपर चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन उसका वाहन भी नियंत्रण खो बैठा। डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा और वहां खड़ी एक बुलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान पुष्पा कंवर (50 वर्ष), निवासी नागौर, राजस्थान के रूप में हुई है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बस में सवार श्रद्धालु राजस्थान से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आए थे। स्नान के बाद लौटने की तैयारी के दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि क्रेन की सहायता से बस को सड़क से हटाने का काम किया गया, जिससे हाईवे पर यातायात सामान्य किया जा सके। प्रारंभिक जांच में चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

हादसे के बाद प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और लंबी यात्राओं के दौरान वाहन संचालन में विशेष सतर्कता रखने की अपील की है।