काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के महुआखेड़ागंज क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर खड़ी वाहन को हटाने की बात पर शुरू हुई कहासुनी के बाद एक परिवार पर कथित रूप से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय अफजल अहमद की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के कई अन्य सदस्य घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, अफजल अहमद के घर आगामी दिनों में पारिवारिक विवाह समारोह होना था। शादी की तैयारियों के बीच घर पर सामान उतारने के लिए रास्ता खाली कराने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद देर रात कुछ लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया।
हमले में अफजल अहमद के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की खुशियां गूंजने वाली थीं, वहां अब शोक का माहौल छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

