हल्द्वानी। लालकुआं क्षेत्र के टांडा वन रेंज में बुधवार को एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। शाह पठानी खत्ता इलाके में अचानक आए हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टांडा रेंज में दोनों व्यक्ति मौके पर मौजूद थे, तभी अचानक जंगल से निकले हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने दोनों को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (करीब 75 वर्ष), निवासी झारखंड के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से जंगल के पास अकेले न जाने की अपील की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। विभाग ने नियमानुसार सहायता देने का आश्वासन दिया है।

