खुशियों का काफ़िला खाई में समा गया: नेपाल में बारात की बस दुर्घटनाग्रस्त, 13 की मौत

Spread the love

पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट क्षेत्र के पास गुरुवार देर रात नेपाल के बैतड़ी जिले में हुआ सड़क हादसा खुशियों को पलभर में मातम में बदल गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बस बैतड़ी जिले के पुरचूंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। गुरुवार देर रात जब बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर पहुंची, तो चढ़ाई के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और बस गहरी खाई में जा समाई।

रात के अंधेरे में रेस्क्यू, ग्रामीण बने सहारा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, प्रहरी बल और स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए। अंधेरा, दुर्गम पहाड़ी रास्ता और गहरी खाई होने के बावजूद पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

अलग-अलग अस्पतालों में तोड़ा दम

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार 6 बारातियों की मौत मौके पर ही हो गई। 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा, जबकि 2 की मौत कोटिला अस्पताल में हुई।

दुर्घटना में मरने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है

  • बजांग जिला, बित्थड चीर गांव पालिका-7 निवासी
  • केशव राज जोशी (40)
  • अशोक राज जोशी (13)
  • बसंत राज जोशी
  • बिष्णु दत्त जोशी (41)
  • नरेश राज जोशी (42)
  • बिशन दत्त जोशी (17)
  • दीपक जोशी (28)
  • किशन जोशी (46)

अन्य मृतक

  • 9. मोहन देव भट्ट (60), निवासी केदारस्यु गांव पालिका, बजांग
  • 10. केशव भट्ट (27), निवासी केदारस्यु गांव पालिका, बजांग
  • 11. बसंत राज रतला (40), निवासी जय पृथ्वी नगरपालिका-7, बजांग
  • 12. पुष्पा अवस्थी (40), निवासी पुरचूंणी नगरपालिका-7, बैतड़ी
  • 13. सुशील जोशी, निवासी पुरचूंणी नगरपालिका-7, बैतड़ी

इन मौतों से कई परिवार एक साथ उजड़ गए हैं और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस क्षमता से अधिक सवारियों से भरी हुई थी। ओवरलोडिंग के कारण बस चढ़ाई में संतुलन नहीं बना सकी और हादसे का शिकार हो गई। यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या को उजागर करती है।

चालक हिरासत में, जांच जारी

हादसे में बस चालक विरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7, कंचनपुर, को मामूली चोटें आई हैं। उसे प्रहरी ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

सीमा पार तक पसरा शोक

बारात जिस खुशी के साथ रवाना हुई थी, वह कभी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी। नेपाल के बैतड़ी और बजांग जिलों के साथ-साथ भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी इस हादसे की खबर से गहरा शोक छा गया है।

यह हादसा न केवल एक परिवार की खुशी छीन ले गया, बल्कि पहाड़ी इलाकों में रात्रि यात्रा, ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर गया।