देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और यमकेश्वर के भाजपा विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत के हालिया बयानों पर तीखा प्रहार किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “हरक सिंह इन दिनों सभी की हस्तरेखा पढ़ रहे हैं, जबकि उनकी अपनी कुंडली में नाड़ी षडाष्टक दोष है, इसलिए वह किसी भी पार्टी में टिक नहीं पाते।” उन्होंने कहा कि रावत पहले सपा, फिर बसपा और अब कांग्रेस में पहुंचे हैं, पर वह स्वयं भी नहीं जानते कि कांग्रेस में कितने दिन रह पाएंगे।
भट्ट ने बताया कि भाजपा संगठन मुख्यमंत्री के आगामी जिलावार दौरों में सक्रिय भागीदारी निभाएगा, जिसके लिए जल्द कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उधर, विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने डॉ. हरक सिंह के बयानों को “राजनीतिक दिवालियापन और अवसाद का परिणाम” बताया। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि “कांग्रेस में जब उन्हें सुना नहीं जाएगा, तो वह यह दावा भी कर सकते हैं कि उन्होंने राहुल गांधी को राजनीति सिखाई और राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनवाया। नेहरू को इसलिए नहीं सिखा पाए क्योंकि वे पहले पैदा हो गए थे।”
महंत रावत ने कहा कि कांग्रेस में अपनी स्थिति मजबूत करने की होड़ में डॉ. हरक सिंह बार-बार भाजपा पर कीचड़ उछाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि “राजनीति में कोई भी यह नहीं कह सकता कि उसने किसी को रोटी खिलाई या पानी पिलाया। सहयोग जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया है।”
भाजपा विधायक ने डिग्री पर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि डिग्री लेने से ज्यादा महत्वपूर्ण है उसका उपयोग देशहित में होना।

