चमोली। बदरीनाथ धाम में मंगलवार देर रात मौसम ने करवट बदली और सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फबारी के बाद पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। वहीं, ठंड में भारी इजाफा हुआ है।
इसी तरह केदारनाथ धाम में भी देर रात बर्फबारी शुरू हुई, जिससे पूरा केदारपुरी क्षेत्र बर्फ से लिपट गया। मंदिर परिसर, पैदल मार्ग और आसपास की पर्वत चोटियां बर्फ से ढकने के बाद धाम का नजारा बेहद मनमोहक और दिव्य दिखाई दे रहा है। यह बर्फबारी मंदिर के कपाट 23 अक्तूबर को बंद होने के बाद हुई है। लगातार बर्फबारी से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है और सर्दी का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में भी सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय जिलों में बर्फबारी और बारिश के चलते सुबह-शाम शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, सात से दस नवंबर तक प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। जबकि पर्वतीय इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे रहा।

