शैलेंद्र दानू और भूपेंद्र कोरंगा के खिलाफ पहाड़ी आर्मी ने दी तहरीर

हल्द्वानी। पहाड़ी आर्मी के नगर अध्यक्ष फौजी भुवन पांडे के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता रविवार को नगर कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने वार्ड नंबर 17 के पार्षद शैलेंद्र दानू और स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र कोरंगा के खिलाफ तहरीर दी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के माध्यम से संगठन और उसके संस्थापक अध्यक्ष की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को बुद्ध पार्क, हल्द्वानी में बेरोजगारों के हित में चल रहे आंदोलन के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में वार्ड नंबर 17 के पार्षद शैलेंद्र दानू आंदोलन स्थल पर हरीश रावत पर ब्लैकमेलिंग और 20 लाख रुपये लेने के आरोप लगाते दिखाई दिए। वहीं, भूपेंद्र कोरंगा आंदोलन को “जनता का नहीं, खुद का आंदोलन” बताते हुए हरीश रावत की उपस्थिति पर आपत्ति जता रहे थे। इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं, जिससे संगठन और उसके अध्यक्ष की प्रतिष्ठा पर प्रश्नचिन्ह लग गए हैं।

भुवन पांडे ने कहा कि यह पूरा मामला आंदोलन को भटकाने और युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने का प्रयास है। उन्होंने मांग की कि दोनों व्यक्तियों की मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने सत्ता पक्ष से किसी प्रकार का समझौता तो नहीं किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकरण की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो पहाड़ी आर्मी आंदोलन करने को बाध्य होगी।

प्रेस नोट में बताया गया कि प्रारंभ में कोतवाली में मौजूद अधिकारी ने तहरीर लेने से मना कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। बढ़ती भीड़ के दबाव में शाम 4 बजे जाकर पुलिस ने तहरीर स्वीकार की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष फौजी राजेंद्र कांडपाल, महिला जिला अध्यक्ष प्रेमा मेर, नगर अध्यक्ष कविता जीना, रमा पांडे, कंचन रौतेला, गीता बिष्ट, अंजू पांडे, नीमा भट्ट, लोकेश सनवाल, हरेंद्र राणा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg